मोरीना: खनिज परिवहन वाहनों में GPS अनिवार्यता पर कार्रवाई
मोरीना: सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में जिले में खनिज उत्खनन एवं परिवहन में उपयोग होने वाले ट्रैक्टर, जेसीबी एवं अन्य वाहनों में GPS डिवाइस अनिवार्य किए जाने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में गठित टीमें गांव-गांव जाकर वाहन स्वामियों को जागरूक कर रही हैं और GPS लगाने की समझाइश दे रही हैं।
पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने ए.बी. रोड स्थित ग्राम छौंदा में चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 7 वाहनों के दस्तावेजों में कमियां पाई गईं। चालानी कार्रवाई करते हुए ₹64,500 का राजस्व वसूला गया। साथ ही, 5 ट्रैक्टर मोटरयान नियमों के उल्लंघन में जब्त कर थाना सिविल लाइन में रखे गए। मौके पर वाहन स्वामियों को GPS डिवाइस अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने अभियान जारी रखने और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही। इस कार्रवाई में प्रभारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी स्वाती पाठक, परिवहन उपनिरीक्षक अशोक शर्मा, परिवहन प्रधान आरक्षक अभिषेक शर्मा, आरक्षक जितेंद्र तोमर एवं थाना सिविल लाइन के पुलिसकर्मी उपस्थित थे।