मुरैना में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का कॉलेज चलो अभियान शुरू
मुरैना : प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) में मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार "कॉलेज चलो अभियान" का शुभारम्भ किया गया। इस अभियान के तहत मुरैना नगर क्षेत्र के शासकीय एवं अशासकीय हायर सेकण्डरी विद्यालयों में अभियान दल द्वारा विद्यार्थियों और अभिभावकों को ई-प्रवेश प्रक्रिया एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल सिंह ने अभियान का शुभारम्भ करते हुए ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित छात्र हितैषी योजनाओं की भी जानकारी दी। एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थी ड्रॉपआउट विद्यार्थियों के नाम और मोबाइल नंबर संकलित कर नोडल अधिकारी डॉ. दिलीप कटारे को उपलब्ध कराएंगे, जो काउंसलिंग के माध्यम से पुनः प्रवेश के लिए प्रेरित करेंगे।