मुरैना: कलेक्टर ने गेहूं खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण
मुरैना : कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिले के पिपरसेवा, रिठौराकलां एवं जैतपुर स्थित गेहूं उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्रों पर उपस्थित किसानों से संवाद कर खरीदी प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने तौल व्यवस्था, भंडारण प्रबंधन एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। ग्राम जैतपुर स्थित खरीदी केन्द्र पर एसडीएम को सुरक्षा सुदृढ़ करने हेतु पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने समिति प्रबंधक एवं सर्वेयरों को शासन द्वारा निर्धारित सभी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मुरैना श्री बी.एस. कुशवाह, जिला संयोजक श्री सौरभ राठौर, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।