गंगरार: विधायक डॉ सुरेश धाकड़ के जन्मदिवस पर तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू
गंगरार: बेंगू गंगरार विधायक डॉक्टर सुरेश धाकड़ के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों के प्रथम दिन गंगरार पंचायत समिति के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने सेवा कार्यक्रमों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट योगेश व्यास ने बताया कि इस दिन कार्यकर्ताओं ने विधायक की लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। अंबेडकर सर्किल पर ग्रामीणों व व्यापारियों को निःशुल्क परिंडे और पानी की टंकियां वितरित की गईं। साथ ही गौ माता के लिए भी पानी की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। गंगरार अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए और पवनसुत गोपाल शाला में कार्यकर्ताओं द्वारा गौ माता को हरी घास एवं लापसी का भोग लगाया गया। लेवा ग्राउंड पर खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन भी हुआ जिसमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी सहित अन्य खेल सफेद दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे। उद्घाटन के बाद विधायक सुरेश धाकड़ का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख भेरू सिंह चौहान, पूर्व प्रधान देवी लाल जाट, पूर्व जिला मंत्री सत्यनारायण मेनारिया, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशोक झंवर, पूर्व मंडल अध्यक्ष ज्योतिष पुरोहित, पूर्व मंडल महामंत्री लक्ष्मी लाल नोग्या सहित कई अन्य पूर्व पदाधिकारी एवं वर्तमान पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। अनेक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।