संसारपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर उत्सव का आयोजन
संसारपुर (बांकेगंज) : भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड एवं ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में संसारपुर गांव में उत्सव का माहौल बना। बांकेगंज मंडल उपाध्यक्ष अंकिता सौरभ गुप्ता के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस दौरान पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडुचेरी की जागरूक जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की नीतियों पर विश्वास जताते हुए अमूल्य मत का प्रयोग किया है। यह जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व, भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं और आमजन की अपेक्षाओं की जीत है। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और "भारत माता की जय" व "भाजपा जिंदाबाद" के नारों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाया।
पलिया विधानसभा के विधायक रोमी साहनी के प्रतिनिधि वेद प्रकाश शर्मा, जिला मंत्री राकेश अर्कवंशी, मंडल अध्यक्ष रामानुज मिश्रा, सहकारी समिति अध्यक्ष प्रदीप दीक्षित सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने संकल्प लिया कि पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाई जाएगी।