logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ऑपरेशन सेफ्टी: बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर गिरी गाज; अप्रैल माह में काटे 4789 चालान, पिछले माह की तुलना में 164 फीसदी ज्यादा

पंचकूला/ 04 मई:- पंचकूला में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को सबक सिखाने के लिए जिला पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन सेफ्टी' के तहत एक सघन अभियान चलाया जा रहा है। सड़क सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पंचकूला पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस अभियान के तहत विशेष रूप से उन दुपहिया वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जा रहा है, जो बिना हेलमेट सड़कों पर उतरकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि इस सख्ती का उद्देश्य केवल राजस्व जुटाना नहीं, बल्कि शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करना है।

एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह के अनुसार, अप्रैल माह में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई में भारी उछाल आया है। मार्च माह में जहां बिना हेलमेट के 1811 चालान काटे गए थे, वहीं अप्रैल माह में यह संख्या बढ़कर 4789 तक पहुंच गई है। पिछले माह की तुलना में चालानों की संख्या में लगभग 164% की वृद्धि दर्ज की गई है, जो पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि यह कार्रवाई केवल पारंपरिक नाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑनलाइन और मैनुअल, दोनों तरीकों से उल्लंघनकर्ताओं पर पैनी नजर रखी जा रही है।

इस मुहिम पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाना सीधा मौत को बुलावा देने जैसा है। उन्होंने विशेषकर युवा पीढ़ी से अपील की है कि वे सड़कों पर स्टंट या लापरवाही न दिखाएं, क्योंकि पुलिस की टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं। डीसीपी ने जोर देकर कहा कि न केवल चालक, बल्कि पीछे बैठी सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी जान की कीमत समझनी चाहिए क्योंकि घर पर कोई उनका इंतजार कर रहा है। आने वाले दिनों में यह सख्ती और अधिक बढ़ने वाली है, इसलिए नागरिक चालान के डर से नहीं बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें।

0
0 views

Comment