logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धातकीडीह फायरिंग कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

जमशेदपुर : धातकीडीह कुरैशी मुहल्ला में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार, जिंदा गोली, खोखा और एक बाइक भी बरामद की है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 3 मई 2026 को धातकीडीह कुरैशी मुहल्ला में फायरिंग की सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। इस संबंध में स्थानीय निवासी सरफराज कुरैशी उर्फ गामा के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह थी। बताया गया कि घटना से एक दिन पहले आरोपी और शिकायतकर्ता के बीच विवाद और झगड़ा हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने हथियार लेकर जान मारने की नीयत से फायरिंग की।
पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर मुख्य आरोपी मो. इमरान उर्फ गौरे (34 वर्ष) और उसके सहयोगी मेहताब आलम (20 वर्ष) को आजादनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त कर लिया।
बरामद सामान में एक देसी ऑटोमैटिक पिस्टल, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, एक खोखा और बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन बाइक शामिल है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी मो. इमरान उर्फ गौरे के खिलाफ पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में एक महीने पहले जेल से छूटकर बाहर आया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी और विशेष पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

4
226 views

Comment