लखनऊ: पीसी जोशी का निधन, शोक की लहर
लखनऊ: पूर्व भाजपा सांसद और वरिष्ठ नेता प्रो. रीता बहुगुणा जोशी के पति पीसी जोशी का सोमवार सुबह लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वे सुबह करीब 7 बजे अंतिम सांस लेकर दुनिया छोड़ गए। रीता बहुगुणा जोशी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट के माध्यम से यह दुखद समाचार साझा किया और बताया कि उनके पति लंबे समय से अस्वस्थ थे।
पीसी जोशी के निधन की खबर मिलने पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और विपक्षी दलों के नेताओं ने भी शोक जताया। पीसी जोशी पेशे से इंजीनियर थे और सरल स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। वे राजनीतिक जीवन में रीता बहुगुणा जोशी के साथ मजबूती से खड़े रहे।