श्योपुर: विश्व रेडक्रॉस सप्ताह का शुभारंभ, युवाओं को मानव सेवा के लिए प्रेरित
श्योपुर: कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस श्योपुर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में 2 मई से 8 मई तक मनाये जा रहे विश्व रेडक्रॉस दिवस सेवा सप्ताह का शुभारंभ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के सेमिनार हॉल में संगोष्ठी के साथ हुआ। इस अवसर पर नए सदस्यों एवं आमजन को जिला रेडक्रॉस की गतिविधियों से अवगत कराया गया और मानवता के लिए संगठित रहने का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं पुरातत्वविद् श्री कैलाश पाराशर ने मानव सेवा, सामाजिक एकता और संवेदनशील नागरिकता के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज सर्राफ ने रेडक्रॉस से जुड़ने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा ने मानव सेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया और रक्तदान शिविर आयोजित करने का सुझाव रखा। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव श्री दिनेशराज दूबोलिया ने किया।