खानपुर कलां: भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में परिणाम-आधारित शिक्षा कार्यशाला शुरू
खानपुर कलां: भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च (एनआईटीटीटीआर) चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में परिणाम-आधारित शिक्षा (ओबीई) एवं प्रभावी शिक्षण-पद्धति कौशल विषय पर एक सप्ताह की कार्यशाला का शुभारंभ 4 मई 2026 को हुआ। यह कार्यशाला 8 मई तक चलेगी। कोर्स कोऑर्डिनेटर प्रो. मैत्रेयी दत्ता ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम निदेशक प्रो. विजय नेहरा, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. संदीप दहिया एवं प्रो. प्रियंका सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक और प्रतिभागी उपस्थित थे।
प्रो. मैत्रेयी दत्ता ने अपने संबोधन में परिणाम-आधारित शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह शिक्षा प्रणाली को पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़ाकर अधिक पारदर्शी, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाती है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की भूमिका केवल ज्ञान प्रदाता तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वे मार्गदर्शक और नवाचार को प्रोत्साहित करने वाले प्रेरक भी हैं। कार्यक्रम निदेशक प्रो. विजय नेहरा और विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप दहिया ने भी कार्यशाला के उद्देश्य और शिक्षण पद्धतियों में नवाचार तथा गुणवत्ता सुधार के महत्व पर जोर दिया। कार्यशाला में विभिन्न सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, मूल्यांकन पद्धतियों और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण से अवगत कराया जाएगा। यह कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और शिक्षण प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहायक होगा।