प्रदेश में चमकी सिरमौर की बेटी: आरुषि ने 99% अंक लेकर हासिल किया दूसरा स्थान
प्रदेश में चमकी सिरमौर की बेटी: आरुषि ने 99% अंक लेकर हासिल किया दूसरा स्थान
सराहा, 4 मई:
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित जमा दो (12वीं) के परीक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगर धरयार, जिला सिरमौर की होनहार छात्रा आरुषि ने 99% अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि उसके परिजन और पूरा क्षेत्र गर्व से गौरवान्वित हुआ है।
आरुषि का सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। उपमंडल पछाद के अंतर्गत बाग पशोग पंचायत के धरयार गांव की रहने वाली आरुषि एक सामान्य परिवार से संबंध रखती है। उसके पिता नीरज कुमार एक मेहनती कृषक हैं, जबकि माता एक कुशल गृहिणी हैं।
हाल ही में सेवानिवृत्त हुई विद्यालय की पूर्व कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुषमा अत्री के अनुसार, आरुषि एक परिश्रमी, अनुशासित और गंभीर स्वभाव की आज्ञाकारी छात्रा रही है। पढ़ाई के साथ-साथ उसने खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी सक्रिय भागीदारी निभाई है।
उसकी प्रमुख उपलब्धियों में एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण करना, विद्यालय स्तर पर लगातार प्रथम स्थान प्राप्त करना और राष्ट्रीय स्तर की हेडबॉल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना शामिल है। आरुषि का विनम्र व्यवहार और सहयोगी प्रवृत्ति उसे शिक्षकों और सहपाठियों के बीच खास बनाती है।
विद्यालय के वर्तमान प्रधानाचार्य मनोज शर्मा ने इस सफलता का श्रेय आरुषि की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। उन्होंने आरुषि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनेगी।
आरुषि की यह सफलता साबित करती है कि मेहनत और लगन के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।