चेन्नई एयरपोर्ट पर यात्री ने इमरजेंसी दरवाजा खोला, उड़ान में देरी
चेन्नई: चेन्नई एयरपोर्ट पर एक यात्री ने उड़ान भरने से पहले विमान का इमरजेंसी एग्जिट दरवाज़ा खोल दिया, जिससे हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त यात्री उड़ान से पहले अस्वस्थ महसूस कर रहा था और उसने दो बार उल्टी भी की। इसके तुरंत बाद उसने अचानक इमरजेंसी डोर का हैंडल खींच दिया, जिससे विमान में अफरा-तफरी मच गई।
विमान के क्रू मेंबर्स और एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने तेजी से स्थिति को नियंत्रित किया और अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। संबंधित यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ के साथ चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। प्रारंभिक जांच में यात्री के मानसिक या शारीरिक अस्वस्थ होने की संभावना जताई गई है, लेकिन पुष्टि अभी बाकी है। अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है और एयरपोर्ट प्रशासन सतर्क है।