मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध ने लगाई आग, इलाज के दौरान मौत
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सिमराहटा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आग लगने से 95 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सिमराहटा गांव निवासी कंधई पुत्र सुखदेव (95 वर्ष) ने कथित रूप से स्वयं को आग लगा ली। मृतक के पुत्र गुरुनारायण ने बताया कि उनके पिता का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था, जिसके चलते उन्होंने खुद आग लगा ली।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों ने तत्काल आग बुझाई और शाम करीब 9 बजे उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें अनुभव हॉस्पिटल फतेहपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण वहां से शर्मा हॉस्पिटल, अल्लीपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक का शव परिजन घर वापस ले आए। मामले में मृतक के पुत्र गुरुनारायण की तहरीर पर पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना पर हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे मय पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं।