खैरथल में फाटक संख्या 94 पर जाम की समस्या गंभीर
खैरथल हीरालाल भूरानी
दिल्ली-जयपुर रेल लाइन पर स्थित फाटक संख्या 94 शहर के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। प्रति दिन लगभग 90 बार यह फाटक बंद होता है, जिससे शहर में 7 से 8 घंटे तक यातायात प्रभावित रहता है। खैरथल से रोजाना 48 पैसेंजर और करीब 45 मालगाड़ियां गुजरती हैं। हर ट्रेन के गुजरने पर फाटक 5 से 10 मिनट तक बंद रहता है। फाटक के पास मुख्य बाजार, स्कूल और प्रमुख रास्ते होने के कारण जब गेट खुलता है, तो भारी वाहन दबाव बन जाता है।
फाटक बंद रहने पर वाहन चालक कॉलोनियों के रास्तों की ओर मुड़ते हैं, जिससे आनंद नगर जैसे इलाकों की संकरी सड़कों पर भारी ट्रैफिक होता है। रेलवे के मेंटेनेंस के दौरान फाटक 1 से 3 दिन तक बंद रहता है, तब स्थिति और जटिल हो जाती है क्योंकि प्रशासन के पास ट्रैफिक डायवर्जन का कोई ठोस योजना नहीं होती। शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए स्वीकृत ओवरब्रिज का जल्द निर्माण, गौरव पथ का चौड़ीकरण, नए अंडरपास का निर्माण और बेहतर ट्रैफिक समन्वय आवश्यक है।