मुरादाबाद में मीटर रीडर ने 25 हजार रुपए ले कर पकड़ाई फर्जी रसीद,एसडीओ ने बनाया 30 मिनट तक मुर्गा। रीडर बर्खास्त,मामले की जांच के आदेश।
मुरादाबाद में शनिवार को दलपतपुर बिजलीघर में मीटर रीडर को मुर्गा बनाने का मामला प्रकाश में आया है। यहां तैनात बिजलीघर में एसडीओ आरएन राठौर ने मीटर रीडर रानु कुमार को अपने कार्यालय के बाहर मुर्गा बनाकर सजा दी। मीटर रीडर काफी देर तक एसडीओ के ऑफिस के बाहर मुर्गा बना रहा।इसका वीडियो कुछ लोगों ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग अब इस पर लीपापोती में जुटा है।मीटर रीडर पर आरोप है कि उसने एक ग्रामीण उपभोक्ता से बिजली बिल बकाया के 25 हजार रुपए लेकर उसे सरकारी खजाने में जमा करने के बजाए जमा की फर्जी रसीद उपभोक्ता को पकड़ा दी थी।उपभोक्ता इसी मामले की शिकायत लेकर एसडीओ के पास पहुंचा था। मामले में मीटर रीटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बजाए एसडीओ ने उसे मुर्गा बनाकर मामले को रफादफा करने की कोशिश की। चीफ इंजीनियर ने संविदा मीटर रीटर की सेवाएं समाप्त कर दी है। जबकि एसडीओ की भूमिका के जांच के आदेश दिए हैं।बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों ने मामले के छानबीन की। जिसमें पता चला कि मीटर रीडर रानु कुमार ने रसूलपुर नगला के एक उपभोक्ता से बिल की बकाया राशि जमा करने के नाम पर 25 हजार लेकर उपभोक्ता को जमा की फर्जी रसीद दे दी थी।कुछ दिन बाद विभाग की ओर से उपभोक्ता को बकाया की राशि जमा करने के कहा गया तो उपभोक्ता के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने कहा कि वह बिल जमा कर चुका है। उसने जो रसीद बिजली विभाग की टीम को दिखाई वह फर्जी निकली। इस पर उपभोक्ता ने मीटर रीडर को की तलाश शुरू कर दी।शनिवार को उपभोक्ता ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मीटर रीडर रानु कुमार को पकड़ लिया और एसडीओ कार्यालय ले आया। ग्रामीणों का आक्रोश देख एसडीओ ने मीटर रीडर को अपने दफ्तर के बाहर मुर्गा बना दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मीटर रीडर ने इसी तरह की धोखाधड़ी कई दूसरे उपभोक्ताओं के साथ भी की है।इस मामले में चीफ इंजीनियर अशोक कुमार चौरसिया ने मीडिया से कहा कि, मामले की जांच अधिशासी अभियंता-2 को सौंपी गई है। इस मामले में मीटर रीडर रानू कुमार की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। एसडीओ की भूमिका की जांच की जाएगी।