logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पिता की कुर्सी पर घर में ही लड़ाई... सरपंची के लिए उतरे तीन भाई

पिता की कुर्सी पर घर में ही लड़ाई... सरपंची के लिए उतरे तीन भाई
बादसा गांव के सरपंच ज्ञानचंद के निधन बाद हो रहा उपचुनाव, तीन सगे भाई ठोक रहे ताल, तीनों के अपने तर्क
बादली (बहादुरगढ़)। बाढसा गांव में सरपंच की कुर्सी इस बार सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि एक ही परिवार के भीतर की सीधी टक्कर बन गई है।
सरपंच ज्ञानचंद के निधन से खाली हुई सीट पर हो रहे उपचुनाव में उनके तीनों सगे बेटे मनोज (40), रमेश (43) और दीपक (45) मैदान में उतर आए हैं। पिता का विकास मॉडल संभालने की होड़ अब भाइयों के बीच मुकाबले में बदल चुकी है। इससे गांव की सियासत भी दिलचस्प और गर्म हो गई है।
3450 मतदाता वाले गांव पंचायत बाढसा में सरपंच पद इस वर्ष महिला आरक्षित है। साल 2022 के चुनाव में ग्रामीणों ने ज्ञानचंद को सरपंच चुना था। पिछले वर्ष मई में उनके निधन से यह पद खाली हो गया।
यूं तो उपचुनाव में सरपंच पद के लिए नौ उम्मीदवार खड़े हैं, लेकिन ज्ञानचंद के तीनों बेटों का मैदान में उतरना चर्चा का विषय बना हुआ है।
गांव में चर्चा है कि ज्ञानचंद के लिए तीनों बेटों ने वोट मांगे थे, अब तीनों अपने-अपने लिए मतदाताओं के पास जा रहे हैं।
परिवार ने दिया है समर्थन : मनोज
सबसे छोटे बेटे मनोज स्नातक पास हैं। मनोज कहते हैं, पिता का उनके साथ विशेष लगाव था। वे सरपंच के कामकाज में भी सहयोग करते थे। परिवार के कुछ अन्य लोगों ने भी उन्हें समर्थन दिया है। तीनों भाइयों के चुनाव लड़ने के सवाल पर मनोज कहते हैं, परिवार और बड़े बुजुर्ग परिवार को एक साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और जो भी फैसला होगा उसका आदर करेंगे।
पिता की राजनीति आगे बढ़ानी है : रमेश
ज्ञानचंद के दूसरे बेटे रमेश कहते हैं, वे शिक्षित और सामाजिक व्यक्ति हैं। पिता सरपंच थे और उन्हीं के मार्गदर्शन पर राजनीति में कदम रखा है। गुरुग्राम में वकालत कर रहे रमेश कहते हैं, गांव के विकास में एक शिक्षित व्यक्ति योगदान दे सकता है। गांव का विकास करने के उद्देश्य से वे चुनाव लड़ रहे हैं।
पिता के काम में करता था सहयोग : दीपक
ज्ञानचंद के सबसे बड़े बेटे दीपक कहते हैं, उन्होंने पिता के सरपंच रहते हमेशा उनका सहयोग किया। वह सरपंच के सभी कामकाज जानते हैं। पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने के उद्देश्य से सरपंच पद का चुनाव लड़ने का मन बनाया है। 12वीं तक पढ़े दीपक का कहना है कि गांव में पीने के पानी जैसी प्रमुख समस्या का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
सरपंच के लिए ये उम्मीदवार हैं मैदान में
जगबंत, संदीप, मनोज, सबीरा, धनवीर, मुखबीर, बालकिशन, रमेश, दीपक।

2
382 views

Comment