विश्व प्रेस दिवस पर मारवाड़ी युवा मंच ने पत्रकारों को किया सम्मानित, कहालोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं मीडिया कर्मी
जमशेदपुर: विश्व प्रेस दिवस के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच की जमशेदपुर शाखा द्वारा शहर के पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े कई पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारिता के क्षेत्र में समाज के प्रति समर्पित पत्रकारों के योगदान को सम्मान देना था।कार्यक्रम में मुख्य रूप से शाखा अध्यक्ष प्रकाश बजाज, शाखा सचिव हेमंत गुप्ता, शाखा कोषाध्यक्ष अनूप शर्मा एवं मीडिया प्रभारी शशांक भालोतिया उपस्थित रहे। इनके अलावा उपाध्यक्ष उत्सव अग्रवाल, सहसचिव संदीप अग्रवाल, नीरज शर्मा, संगठन विस्तार मंत्री मधुर संगी, रक्तदान संयोजक हेमंत अग्रवाल, संजय अग्रवाल तथा कार्यकारी सदस्य कौशल सहित मंच के कई सदस्य मौजूद रहे।समारोह को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष प्रकाश बजाज ने कहा कि पत्रकार समाज का वह सशक्त स्तंभ हैं, जो दिन-रात मेहनत कर समाज के बीच सच्ची और जरूरी खबरें पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी भूमिका समाज को जागरूक करने, सही दिशा दिखाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की मेहनत और संघर्ष के कारण ही आम जनता तक हर महत्वपूर्ण जानकारी समय पर पहुंच पाती है।कार्यक्रम में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी पत्रकारिता के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक मजबूत माध्यम बन चुकी है। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज के विकास के लिए आवश्यक है।इस दौरान मंच की ओर से शहर के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर पत्रकारों ने भी मारवाड़ी युवा मंच का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह का सम्मान उनके कार्य के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।विश्व प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रेस की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया गया।