रेलवे ट्रैक पर मिला नवविवाहित युवक का शव
गढ़वा जिले के रमना-चोपन रेलखंड से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। टंडवा गांव के समीप शनिवार को रेलवे ट्रैक पर एक नवविवाहित युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में मातम छा गया।मृतक की पहचान भागोडीह निवासी सूर्यदेव सिंह के 25 वर्षीय पुत्र चंदन सिंह के रूप में हुई है। जिस घर में दो दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, आज उसी घर से रोने-बिलखने की आवाजें आ रही हैं।बताया जा रहा है कि चंदन की शादी महज दो दिन पहले ही हुई थी। नए जीवन की शुरुआत करने वाले इस युवक की अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।सुबह जब ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के बीच चंदन का शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।प्राथमिक तौर पर युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नई-नवेली दुल्हन पर तो जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस जीवन की शुरुआत अभी हुई थी, वह इतनी जल्दी खत्म हो जाएगी, यह किसी ने सोचा भी नहीं था।पूरे गांव में शोक की लहर है और हर किसी के मन में यही सवाल हैआखिर इस खुशहाल घर को किसकी नजर लग गई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस दर्दनाक घटना की सच्चाई सामने आ पाएगी।