चकराता-त्यूनी मार्ग पर बदहाली: 'पेंच वर्क' की पोल खुली, चंद दिनों में ही उखड़ने लगी सड़क
चकराता: चकराता-त्यूनी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 707ए की खस्ताहाली और उस पर किए जा रहे घटिया निर्माण कार्य ने स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है। राजमार्ग पर हाल ही में किए गए 'पेंच वर्क' (गड्ढे भरने का काम) की गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
गुणवत्ता पर खड़े हुए सवाल
क्षेत्रीय निवासियों का आरोप है कि विभाग और संबंधित निर्माण कंपनी द्वारा की गई मरम्मत महज दिखावा साबित हो रही है। सड़क पर किए गए पेंच वर्क उखड़कर बिखरने लगे हैं, जबकि काम पूरा हुए अभी केवल एक-दो दिन ही बीते हैं। सड़कों की इस दुर्दशा ने निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही और भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी है।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
मार्ग की स्थिति को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र की लाइफलाइन है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण यह जानलेवा साबित हो रहा है। घटिया सामग्री का उपयोग कर जनता की गाढ़ी कमाई और जान से खिलवाड़ किया जा रहा है।
कंपनी की कार्यप्रणाली शक के घेरे में
इस पूरे मामले में अब संबंधित निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए कोई मॉनिटरिंग सिस्टम नहीं है? स्थानीय जनता ने अब प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत सुदृढ़ तरीके से नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
खबर के लिए
शरण सिंह सोनू