हरियाणा में वैदिक परंपरा को बढ़ावा: अंत्येष्टि संस्कार के लिए वेदी निर्माण का शुभारंभ
हरियाणा। वैदिक संस्कृति को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रीय आर्य संरक्षिणी सभा द्वारा राज्य के विभिन्न जनपदों में अंत्येष्टि संस्कार के लिए विशेष वेदियों के निर्माण का शुभारंभ किया गया है।
सभा का उद्देश्य ऋषियों द्वारा बताई गई वैदिक विधि के अनुसार अंतिम संस्कार की परंपरा को समाज में पुनः स्थापित करना है। इसी क्रम में जींद जिले के किनाना गांव से इस अभियान की शुरुआत की गई।
सभा के अनुसार, “भस्मान्तं शरीरम्” अर्थात शरीर का अंतिम संस्कार भस्म होने तक ही पूर्ण माना जाता है। इसी सिद्धांत को आधार बनाते हुए वेदी निर्माण कार्य स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा निर्दिष्ट संस्कार विधि के अनुरूप तय मापदंडों के आधार पर किया जा रहा है।
इस मौके पर जींद इकाई के अध्यक्ष जय किशन अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहे और इस कार्य को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल वैदिक संस्कृति के सोलह संस्कारों में से अंतिम संस्कार को सही विधि से संपन्न कराने में सहायक सिद्ध होगी।
सभा के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य दीपक ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को वैदिक परंपराओं से जोड़ना और संस्कारों की शुद्धता बनाए रखना है।
#हरखबरपरपैनीनजर #samacharsansarnews24 #वैदिकसंस्कृति #अंत्येष्टिसंस्कार #हरियाणाखबर