35 साल की निस्वार्थ सेवा के बाद स्वास्थ्य पर्यवेक्षक नरवीर शर्मा सेवानिवृत्त
---
*सराहां, , 1मई 2026: खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सराहां में तैनात स्वास्थ्य पर्यवेक्षक नरवीर शर्मा आज 35 वर्ष की अनुकरणीय सरकारी सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा खंड पच्छाद के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा "प्रशस्ति पत्र" भेंट कर विदाई दी गई।
*17 जुलाई 1991 से शुरू हुई गौरवशाली यात्रा*
नरवीर शर्मा ने अपनी सेवा की शुरुआत 17 जुलाई 1991 को स्वास्थ्य उप-केंद्र सिरमौरी मंदिर से बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के रूप में की थी। सिरमौरी मंदिर, बाग पशोग, देवल टिक्करी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए दिन-रात एक कर दिया।
*चुनौतीपूर्ण कार्यों में रहे अग्रिम पंक्ति में*
वर्ष 1995 के पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान उन्होंने संगड़ाह खंड के बर्फीले क्षेत्रों में बच्चों का सर्वेक्षण व सूचीकरण सुनिश्चित किया। शिलाई जैसे सुदूर क्षेत्रों में प्रतिनियुक्ति हो या ऊपरी सिरमौर में आंत्रशोध के प्रकोप के दौरान, उन्होंने सदैव 'स्वयं से पहले सेवा' का उदाहरण प्रस्तुत किया।
*कोविड काल में निभाई सराहनीय भूमिका*
सितंबर 2015 से खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सराहां में कार्यवाहक और अप्रैल 2021 से नियमित स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के रूप में कार्यरत रहे श्री शर्मा का कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा। 2020 की कोविड-19 महामारी के दौरान उनके ऊर्जावान नेतृत्व ने पूरे पच्छाद क्षेत्र को संबल प्रदान किया।
*कर्मचारियों की सशक्त आवाज*
नरवीर शर्मा ने 'अराजपत्रित कर्मचारी सेवाएं महासंघ' तथा 'बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक संघ' के जिला व राज्य महासचिव के रूप में भी कर्मचारियों के हितों की लड़ाई लड़ी।वर्तमान मे वो अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सिरमौर इकाई के जिला अध्यक्ष थे l
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि नरवीर शर्मा का सेवाकाल, समर्पण और मानवता का जीवंत प्रमाण है। उनकी कमी विभाग व समाज को हमेशा खलेगी। इस अवसर पर कार्यवाहक बी एम ओ पच्छाद डॉ रजत, डॉ रजत मित्तल, डॉ सचिन भंडारी,डॉ आयुष शर्मा, वार्ड सिस्टर नीलिमा अग्रवाल , अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की पच्छाद इकाई के अध्यक्ष नरेश परमार, अरुण सेवल, कविता धीमान सहित समस्त स्टाफ व उनकी धर्मपत्नी सुलोचना शर्मा, सुपुत्र कुमार संभव मिथलेश, सुपुत्री डॉ शौर्या, डॉ सुविज्ञा, उनके दामाद, उनकी बहन मीना शर्मा, बहनोई संजीव शर्मा उनके चाचा पंडित उमाशंकर शर्मा,यशपाल शर्मा,योगेश शर्मा, चंद्र शेखर, एडवोकेट योगेश्वर दत,अजय शर्मा,नीलम शर्मा,इत्यादि मौजूद थे.
---