बरही में वन स्टॉप सेंटर की शुरुआत, महिलाओं को मिलेगी एक ही स्थान पर समग्र सहायता
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की यह पहल महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण : बीडीओ
बरही। प्रखंड मुख्यालय में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता को ध्यान में रखते हुए वन स्टॉप सेंटर (OSC) की शुरुआत की गई। उद्घाटन के मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की यह पहल महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर योजना के तहत संचालित इस केंद्र में महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग, अस्थायी आश्रय और पुलिस सहायता जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे हिंसा से पीड़ित महिलाओं को त्वरित मदद मिल सकेगी।
बीडीओ ने कहा कि यह केंद्र घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं से जूझ रही महिलाओं के लिए एक सुरक्षित सहारा बनेगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे आगे आकर इस केंद्र का लाभ उठाएं। केंद्र का संचालन सीडीपीओ कार्यालय द्वारा किया जाएगा । जिसके प्रभारी महिला पर्यवेक्षिका होंगी।
उद्घाटन अवसर पर जिप उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि रंजीत चंद्रवंशी, भगवान केसरी, गुरुदेव गुप्ता, मुखिया मोतीलाल चौधरी सहित सखी मंडल की दीदियां एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं को न केवल सुरक्षा मिलेगी, बल्कि वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगी।