तेज आंधी व मूसलाधार बारिश से गर्मी से राहत, कई जगह नुकसान व जलजमाव से बढ़ी परेशानी
बरही। क्षेत्र में तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण गर्मी से राहत तो दिलाई, लेकिन कई इलाकों में नुकसान और जलजमाव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। तेज हवा और बारिश से जनजीवन कुछ समय के लिए अस्त-व्यस्त हो गया।
कोनरा पंचायत मुख्यालय का कुछ हिस्सा जलमग्न हो गया, जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई हुई। वहीं बरही थाना के समीप ओल्ड जीटी रोड पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी और एक बाइक सवार के फिसलकर गिरने की भी सूचना है।
हरिला तुरी टोला निवासी बद्री यादव के गैराज कार्यालय का छप्पर तेज आंधी में पूरी तरह उड़ गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा कई स्थानों पर पेड़ और डालियां गिरने की खबर है। कुछ जगहों पर बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।
ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश का असर अधिक देखने को मिला, जहां खेतों में खड़ी फसल और आम को नुकसान पहुंचा है। किसानों के अनुसार तेज आंधी और बारिश से उनकी फसल बर्बाद हुई है, जिससे आर्थिक क्षति हुई है।
हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। बारिश से तापमान में गिरावट आई है, लेकिन जलजमाव और क्षति के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।