आयुष्मान आरोग्य शिविर के तहत 100 डेज कैंपिंग: 16 गांवों में व्यापक स्वास्थ्य जांच
1486 लोगों का हुआ ओपीडी पंजीकरण, 1394 का एक्स रे
आयुष्मान आरोग्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को कर रही है मजबूत : डॉ ज्ञानी
बरही। बीते 15 से 30 अप्रैल तक बरही एवं पदमा प्रखंड के कुल 16 गांवों में आयुष्मान आरोग्य शिविर के तहत “100 डेज कैंपिंग” अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना तथा विभिन्न बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना था। इस दौरान कुल 1486 लोगों का ओपीडी पंजीकरण और 1394 लोगों का एक्स-रे किया गया। टीबी जांच के लिए 229 लोगों का सपूटम (बलगम) सैंपल संग्रह किया गया। इसके अलावा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) के अंतर्गत 1467 लोगों की जांच की गई, जिसमें हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, वजन, ऊंचाई, रक्तचाप (बीपी), एचआईवी सहित अन्य महत्वपूर्ण परीक्षण शामिल रहे।
उपाधीक्षक डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस तरह के अभियान से टीबी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो पाती है, जिससे मरीजों का बेहतर उपचार किया जा सकता है। जनहित में लोगों से अपील किया कि ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। विभाग लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग की टीम, चिकित्सकों, एएनएम, सहिया एवं अन्य सहयोगी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में डॉ ज्ञानी ने विभाग की ओर से सभी सहयोगियों एवं ग्रामीणों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।