logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एटीएस अधिकारी बनकर युवक से 6.48 लाख की ठगी, दिल्ली बम ब्लास्ट केस में फंसाने की दी धमकी

शाहजहांपुर। जिले के चौक कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को एटीएस अधिकारी बताकर एक युवक से 6.48 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित को डराया और कई दिनों तक अलग-अलग नंबरों से कॉल कर रकम ऐंठता रहा।

मानूजई निवासी आरिफ हसन खां के अनुसार, 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे उनके पास व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एटीएस विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट मामले में संदिग्ध हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे बचने के लिए आरोपी ने 40 हजार रुपये की मांग की।

डर के चलते आरिफ ने तुरंत फोन पे के जरिए रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद ठग लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल कर पैसे मांगते रहे। 9 अप्रैल से 21 अप्रैल के बीच पीड़ित ने कुल 6.48 लाख रुपये आरोपियों को भेज दिए।

बाद में जब आरिफ को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और 29 अप्रैल को साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पीड़ित का कहना है कि उसने कोई अपराध नहीं किया, बल्कि डर के कारण पैसे ट्रांसफर किए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम कॉल करने वाले नंबरों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

सावधानी जरूरी:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या खुद को अधिकारी बताने वाले व्यक्ति पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर न करें। संदिग्ध कॉल मिलने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

4
148 views

Comment