भावनगर मंडल में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का शुभारंभ—आपातकालीन परिस्थितियों में महिलाओं को मिलेगी त्वरि
महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता की ओर एक सार्थक पहल
भावनगर मंडल में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का शुभारंभ—आपातकालीन परिस्थितियों में महिलाओं को मिलेगी त्वरित सुविधा
कर्मचारी हित निधि के सौजन्य से पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, भावनगर मंडल द्वारा दिनांक 30 अप्रैल, 2026 (गुरूवार) को एक सराहनीय पहल के अंतर्गत बाल मंदिर एवं किड्स हट स्कूल के प्रांगण में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर संगठन की अध्यक्षा श्रीमती शालिनी वर्मा ने विधिवत रिबन काटकर मशीन का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं गरिमा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इस मशीन का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में शिक्षिकाओं एवं अन्य महिला कर्मचारियों को त्वरित एवं आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उद्घाटन समारोह के दौरान संगठन की उपाध्यक्षा, सचिव एवं अन्य सदस्यगण के साथ-साथ विद्यालय की शिक्षिकाएँ भी उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक उपयोगी कदम बताया।