ICSE रिजल्ट 2026 में लक्ष्य पांडे ने लहराया परचम, 98.6% अंक हासिल कर बढ़ाया मान
लखनऊ। काउंसिल फॉर द इंडियन School Certificate Examinations (CISCE) द्वारा घोषित ICSE (10वीं) एवं ISC (12वीं) परीक्षा परिणाम 2026 में राजधानी लखनऊ के छात्र लक्ष्य पांडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाईस्कूल (ICSE) में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
लक्ष्य पांडे ने City Montessori School (CMS) से अपनी पढ़ाई पूरी की और अपनी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के बल पर यह सफलता अर्जित की। उन्होंने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के स्वअध्ययन के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
लक्ष्य के पिता चिंतामणि पांडे, जो भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हैं, ने बताया कि उनके बेटे ने शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीरता और लगन दिखाई। उन्होंने कहा कि यह सफलता लक्ष्य की निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग का परिणाम है।
रिजल्ट घोषित होने के बाद घर में उत्सव जैसा माहौल रहा। माता-पिता ने लक्ष्य को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिवार ने कहा कि लक्ष्य ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
लक्ष्य की इस सफलता पर विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा।