logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

उपायुक्त ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

उपायुक्त ने खेडा मंदिर पार्क में सीवरेज कार्य के बाद सुधार के दिए निर्देश, दो दिन में रिपोर्ट तलब

अमरावती एन्क्लेव में आवारा पशु व कचरा समस्या पर रिपोर्ट मांगी

पंचकूला में समाधान शिविर के जरिए आमजन को मिल रही राहत

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में समस्याओं का समाधान करें अधिकारी -उपायुक्त

पंचकूला, 30 अप्रैल— उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने खेडा मंदिर, सेक्टर-19 के समीप स्थित पार्क में सीवरेज लाइन बिछाने के बाद उस स्थान को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निगम के एसडीओ को व्यक्तिगत रूप से मौके का निरीक्षण कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त आज लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिलावासियों की समस्याएं सुन रहे थे।

सेक्टर-19 निवासी ने अपनी शिकायत में बताया कि खेडा मंदिर के समीप स्थित पार्क में सीवरेज लाइन डाली गई थी। कार्य पूरा होने के बाद उस स्थान को सुव्यवस्थित नहीं किया गया, जिसके कारण लोगों को वहां से गुजरने में परेशानी हो रही है।

अमरावती एन्क्लेव निवासी ने कालका-पिंजौर अर्बन कॉम्प्लेक्स स्थित अमरावती एन्क्लेव में आवारा कुत्तों और बंदरों की समस्या को लेकर उचित कदम उठाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि आरडब्ल्यूए द्वारा संबंधित अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा उन्होंने घरों से कचरा न उठाए जाने की भी शिकायत दी। इन शिकायतों का कड़ा संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने नगर परिषद, कालका को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एक अन्य मामले में अमरावती निवासी ने शिकायत दी कि कौशल्या नदी पर अमरावती एन्क्लेव के प्रवेश द्वार के समीप अवैध रूप से बिना लाइसेंस और स्वीकृति के रेडीमिक्स कंक्रीट प्लांट संचालित किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। उपायुक्त ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को साइट का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

गांव सुंदरपुर, बरवाला के लोगों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि गांव में पानी की निकासी के लिए बना पक्का नाला बंद पड़ा है, जिससे निकासी नहीं हो पा रही है। गांववासियों ने अनुरोध किया कि स्थिति को देखते हुए घरों से निकलने वाले पानी को गांव के जोहड़ में गिराने की अनुमति दी जाए। उन्होंने बताया कि गांव बसने के समय से ही घरों का पानी जोहड़ में ही जाता रहा है। इस पर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को इस संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

श्री जैनेंद्र गुरुकुल, सेक्टर-1 के प्रतिनिधि ने शिकायत में बताया कि यह एक प्राचीन शिक्षण संस्था है। स्कूल के पीछे एक व्यक्ति ने गाय-भैंस पाल रखे हैं, जो अक्सर गुरुकुल परिसर में घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों को खतरा बना रहता है। उन्होंने उपायुक्त से इस समस्या के समाधान का अनुरोध किया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने नगर निगम, पंचकूला को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसी उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाली समस्याओं का तय समय में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर नगराधीश जागृति, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, एचएसवीपी, पीएमडीए, पुलिस, स्वास्थ्य, सिंचाई, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

1
91 views

Comment