logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पोटका क्षेत्र भ्रमण में विधायक संजीव सरदार को कोवाली पंचायत सचिवालय में मिला ताला, कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

पोटका: पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोवाली पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण किया, जहां कार्य दिवस के बावजूद पंचायत सचिवालय में ताला लटका मिला। सचिवालय में प्रखंड या अंचल का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस पर विधायक ने मौके से ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत सचिवालय पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि पंचायत सचिवालय अक्सर बंद रहता है, जिसके कारण ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी प्रखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां पंचायत भवन बंद मिला। इससे ग्रामीणों की शिकायत सही साबित हुई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सप्ताह में कम से कम दो दिन पंचायत सचिवालय में पंचायत सचिव सहित अन्य कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है और इसके लिए प्रखंड स्तर पर रोस्टर भी निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद कार्य दिवस पर सचिवालय बंद मिलना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लिया जाए और आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अन्य पंचायत सचिवालयों में भी कर्मियों की नियमित उपस्थिति की निगरानी बढ़ाने को कहा।
विधायक संजीव सरदार ने स्पष्ट कहा कि पंचायत स्तर पर सरकारी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए परेशान होना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी पंचायतों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

1
0 views

Comment