logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पंचकूला पुलिस ने 5 सेवानिवृत कर्मियों को दी सम्मानजनक विदाई; डीसीपी ने कहा- परिवार के सहयोग से ही संभव है निष्ठापूर्ण सेवा

पंचकूला/ 30 अप्रैल:- पुलिस सेवा में वर्षों तक समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियाँ निभाने वाले पंचकूला पुलिस के पाँच कर्मचारियों को आज पुलिस लाइन में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति दी गई। समारोह भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा, जहाँ पुलिस परिवार ने ढोल-नगाड़ों की धुन और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को विदाई दी।

कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत कर्मचारियों में इंस्पेक्टर जिले सिंह, इंस्पेक्टर श्यामलाल, इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सब इंस्पेक्टर तरसेम लाल शामिल रहे। वहीं सब इंस्पेक्टर मैनपाल किसी कारणवश समारोह में मौजूद नहीं हो सके। इस अवसर पर पुलिस विभाग ने न केवल सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों का सम्मान किया बल्कि उनके परिजनों के योगदान को भी सराहा। समारोह में डीसीपी सृष्टि गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नई पारी की शुभकामनाएँ दीं।

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी कर्मचारी की बेहतर सेवा के पीछे उसके परिवार का बहुत बड़ा योगदान होता है। उन्होंने कहा कि यदि घर-परिवार में सहयोग न हो तो विभागीय जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाना संभव नहीं है। आपके परिवार ने आपको संभाला, तभी आप पुलिस विभाग को इतने वर्षों तक अपनी सेवाएँ दे सके। इसके लिए जितना आपके परिवार का धन्यवाद किया जाए उतना ही कम है।

डीसीपी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीवन की दूसरी पारी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे आगे भी परिवार और बच्चों के साथ समय का भरपूर आनंद लें। हमारा साथ हमेशा बना रहेगा। अगर कभी भी आपको किसी भी सहयोग की जरूरत पड़े तो आप बिना झिझक विभाग से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने लंबे अनुभव के आधार पर पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार के सुझाव अवश्य दें।

इस अवसर पर पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज व डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने भी सभी कर्मचारियों को उनके शानदार सेवाकाल की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में एसीपी विक्रम नेहरा, वेलफेयर इंस्पेक्टर महावीर, एएसआई रामेश्वरदास व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एएसआई शिवानी ने किया।

1
78 views

Comment