पांकी रोड की बदहाली पर फूटा जनआक्रोश, दो दिन में मरम्मत नहीं हुई तो जाम की चेतावनी — सीएम ने लिया संज्ञान
मेदिनीनगर (पलामू): शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली पांकी रोड की जर्जर हालत को लेकर अब लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। झामुमो नेता सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने सड़क की बदहाल स्थिति के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, तो पांकी रोड को जाम कर दिया जाएगा।
पांकी रोड शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं। इसी मार्ग पर जी.एल.ए. कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, कई अस्पताल और विद्यालय स्थित हैं, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। इसके बावजूद सड़क की हालत बेहद खराब है। खासकर चरकी भट्ठा क्षेत्र में बड़े-बड़े गड्ढों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोग खुद ही मिट्टी और पत्थर डालकर अस्थायी मरम्मत कर रहे हैं, लेकिन फिर भी आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक अधिकारी ध्यान नहीं देंगे। व्यंग्यात्मक अंदाज में लोगों ने कहा, “एंजॉय कीजिए, आप पलामू के सबसे बड़े शहर के निवासी हैं, जहां गड्ढे ही निगम की पहचान बन गए हैं।”
इस विरोध के बीच एक सकारात्मक पहलू यह रहा कि मामले ने उच्च स्तर तक ध्यान खींचा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सन्नी शुक्ला के ट्वीट पर संज्ञान लेते हुए पलामू के उपायुक्त को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विरोध प्रदर्शन में जितेंद्र पांडेय, संकट मोचन, उमेश अग्रवाल, सुमित पांडेय, बमबम शुक्ला, सैयद फैजल, रंजीत कुमार, शिवाजी सिंह, अमित सिंह, राहुल साहू सहित कई स्थानीय लोग शामिल थे।