बीपीएसएमवी की विधि छात्रा रूपल ढुल को अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर कुलपति प्रो. सुदेश ने किया सम्मान, ग्रामीण बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
खानपुर कलां,30 अप्रैल 2026।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां की कुलपति प्रो. सुदेश ने विधि विभाग की बीए एलएलबी छात्रा सुश्री रूपल ढुल को विधि, शोध एवं सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि रूपल ढुल की सफलता विश्वविद्यालय के उस मूल उद्देश्य को साकार करती है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के जरिए वैश्विक मंच तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “रूपल ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन से यह सिद्ध किया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। वह अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत हैं।”रूपल ढुल ने हाल ही में कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय लीगाथॉन मैक्स उप 2026 में भाग लेने के लिए पूर्णतः वित्त पोषित छात्रवृत्ति प्राप्त की। इस कार्यक्रम में उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े कानूनी प्रश्नों, तकनीकी शासन और डिजिटल नियमन जैसे समकालीन विषयों पर शोध प्रस्तुत किया।उन्होंने “आर्टीफिशल इंटेलिजेंस एंड लॉ ” विषय पर अपने शोध पत्र के लिए प्रथम स्थान हासिल किया। उनके शोध में नैतिक शासन, जवाबदेही, पारदर्शिता तथा डिजिटल पहुंच जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का गहन विश्लेषण किया गया। उनके शोध कार्य ब्रिक्स लॉ जर्नल तथा ए आई एथिक्स एवं लॉ विषयक स्कोपस-इंडेक्स्ड जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं।इसके अतिरिक्त, रूपल ढुल ने रूस के लोमोनोसोव मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी में दो माह की शोध इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण की है। वह नॉलेज स्टीज़ में कोर टीम सदस्य के रूप में कार्य कर चुकी हैं तथा मोस्ट क्रिएटिव टीम मेंबर पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुकी हैं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। बजट क्वेस्ट 2026 में सहभागिता की तथा ‘नारी शक्ति यूथ पार्लियामेंट’ में युवा प्रतिनिधित्व भी किया।कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि विश्वविद्यालय ग्रामीण हरियाणा की प्रतिभाशाली छात्राओं को वैश्विक अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विधि विभाग के शिक्षकों ने भी रूपल ढुल को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
फोटो कैप्शन :- 02 छात्रा रूपल ढुल को प्रशस्ति पत्र भेंट करते कुलपति प्रो सुदेश।