उन्नाव में लिवर सिरोसिस से जूझ रहे मजदूर ने लगाई मदद की गुहार, इलाज के लिए तरस रहा परिवार, पीड़ित नें लगाई मदद की गुहार
उन्नाव। जनपद के उन्नाव सदर तहसील क्षेत्र के गांव प्रीतम खेड़ा, पोस्ट शेषपुर नरी निवासी सोनू सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह गंभीर बीमारी लिवर सिरोसिस से जूझ रहे हैं। करीब एक वर्ष से बीमार चल रहे सोनू सिंह की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। परिवार की जमा पूंजी इलाज में खर्च हो चुकी है, अब आर्थिक तंगी के चलते इलाज रुकने की कगार पर है।
बताया जा रहा है कि सोनू सिंह मजदूरी व गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन बीमारी के कारण काम बंद हो गया। घर में पत्नी, 6 वर्षीय बेटा और 4 वर्षीय बेटी हैं, जिनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित ने बताया कि निजी व सरकारी अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन राहत नहीं मिली। कई जगह भर्ती करने के बाद पैसों की मांग की गई, जिससे इलाज पूरा नहीं हो सका।
सोनू सिंह ने क्षेत्रीय विधायक पंकज गुप्ता से भी मदद की गुहार लगाई थी। पीड़ित के अनुसार, आवश्यक दस्तावेज जमा कराने के बाद सर्वे कराने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अब पीड़ित परिवार ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मदद की अपील की है, ताकि समय रहते इलाज हो सके और परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सहायता मिली तो सोनू सिंह की जान बचाई जा सकती है।