पुलिस भर्ती के नाम पर फैल रही भ्रामक जानकारी, प्रशासन हुआ सख्त
शाजापुर न्यूज! सोशल मीडिया पर इन दिनों पुलिस भर्ती को लेकर भ्रामक वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है और ऐसे कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, कुछ पोस्ट में “सिंहस्थ पुलिस वालंटियर्स” के चयन को पुलिस भर्ती से जोड़कर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। इस पर पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सिंहस्थ वालंटियर्स का चयन पुलिस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है।
हाल ही में उज्जैन में आयोजित एक कार्यशाला में विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों को नगर एवं ग्राम रक्षा समितियों के पुनर्गठन और उनके सदस्यों को वालंटियर के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे। इसी जानकारी को गलत तरीके से प्रस्तुत कर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि वालंटियर्स का चयन सामुदायिक सेवा के तहत स्वयंसेवक के रूप में किया जाता है, न कि किसी स्थायी भर्ती के रूप में। इस संबंध में कोई आधिकारिक भर्ती प्रक्रिया जारी नहीं की गई है।