logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भितरवार मंडी घटना में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, किसानों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

भितरवार मंडी घटना में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई,

किसानों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई
ग्वालियर, 29 अप्रैल 2026/ कृषि उपज मंडी भितरवार में मंगलवार को बारदाने में आग लगने की आकस्मिक घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए स्थिति को शीघ्र सामान्य किया। प्रशासन ने किसानों एवं व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उपज विक्रय व्यवस्था बहाल कराई और शांति व्यवस्था बनाए रखी।
एसडीएम भितरवार श्री राजीव समाधिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज मंडी में गेहूं उपज की बिक्री के लिए लगभग 200 ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुँची थीं। दोपहर एक बजे तक लगभग 150 ट्रॉलियों की डाँक (नीलामी) की कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी थी। इसी दौरान मंडी के बारदाने में अचानक आग लगने की घटना हुई। घटना के बाद व्यापारी, मंडी कर्मचारी और संबंधित अमले ने तत्काल आग बुझाने के प्रयास किए। खरीदी, तुलाई और भुगतान कार्य प्रभावित होने के कारण कुछ समय के लिए डाँक प्रक्रिया बाधित हुई।
प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया। शेष लगभग 50 ट्रॉलियों के किसानों की चिंता को ध्यान में रखते हुए नायब तहसीलदार भितरवार श्री हरनाम सिंह एवं श्री शिवदयाल शर्मा मौके पर पहुँचे। उन्होंने किसानों और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर पुनः डाँक प्रारंभ कराने पर सहमति बनाई। इससे स्थिति सामान्य हो गई और किसानों के हित में समाधान सुनिश्चित किया गया।
इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने मौके पर पहुँचकर अनावश्यक विवाद उत्पन्न किया और नायब तहसीलदार श्री हरनाम सिंह के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा डाली। प्रशासन ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है।
प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजय रावत पुत्र देवीसिंह रावत निवासी ग्राम स्याऊ, थाना करहिया को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों, जिनमें मुख्य आरोपी जयेन्द्र गुर्जर निवासी ग्राम सीहोर, तहसील नरवर, जिला शिवपुरी शामिल है, की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि जयेन्द्र गुर्जर के नाम से मंडी में प्रवेश हेतु कोई पास जारी नहीं किया गया था। वह मंडी में वैध प्रवेश के बिना केवल उपद्रव करने के उद्देश्य से पहुँचा था। इस तथ्य को भी जांच में शामिल कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा, मंडी संचालन की निरंतरता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन किसानों एवं व्यापारियों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और अधिकारियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने किसानों एवं व्यापारियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है।

*रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा*

1
0 views

Comment