3 माह का समर स्पोर्ट्स कैंप शुरू: छात्राओं को मिलेगी प्रोफेशनल ट्रेनिंग, खेल प्रतिभाएं निखारने की पहल
सूरतगढ़ उपखंड के गांव गुरुसार मोडिया स्थित शाह सतनाम गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए 3 माह का समर स्पोर्ट्स कैंप शुरू किया गया है। इस कैंप का आयोजन कॉलेज की स्पोर्ट्स कमेटी और आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कैंप का उद्देश्य छात्राओं को खेलों में दक्ष बनाना और उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
कैंप के दौरान प्रतिभागी छात्राओं को हैंडबॉल, वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, ताइक्वांडो, जूडो, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स जैसे विभिन्न खेलों का विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी और शारीरिक दक्षता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे छात्राएं खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
कॉलेज प्रशासन ने खिलाड़ियों के लिए पौष्टिक आहार की विशेष व्यवस्था की है, ताकि उनका शारीरिक विकास बेहतर तरीके से हो सके। इसके अलावा राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क में छूट देने का भी प्रावधान रखा गया है। सभी प्रतिभागियों को आवश्यक स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करवाई जा रही है।
कॉलेज प्रशासन ने क्षेत्र की छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में इस कैंप में भाग लेने का आह्वान किया है। विशेष रूप से 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं को कॉलेज में प्रवेश लेकर इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया है।
Aima media jhalawar