प्रेम नगर में लूट के बाद मुठभेड़ में इंस्पेक्टर को लगी गोली और एक बदमाश ढेर
प्रेमनगर ब्रेकिंग न्यूज़
देहरादून में लूट के बाद मुठभेड़, इंस्पेक्टर को गोली – एक बदमाश ढेर
काली कार में आए बदमाशों ने व्यापारी से 2 लाख लूटे, पीछा करने पर पुलिस पर झोंकी फायरिंग
देहरादून।प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। काली रंग की गुजरात नंबर कार में सवार बदमाशों ने देवराज नामक व्यक्ति से तमंचे के बल पर करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल व अन्य कागजात लूट लिए।
सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बदमाशों का पीछा शुरू किया। जंगल की ओर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे जनपद में हाई अलर्ट जारी कर नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
एसएसपी देहरादून व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
इंस्पेक्टर नरेश राठौर गोली लगने से घायल
एक बदमाश ढेर, अन्य फरार
2 लाख रुपये, मोबाइल व दस्तावेज लूटे
जिलेभर में नाकाबंदी, सर्च ऑपरेशन जारी