पन्ना पुलिस द्वारा देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र बमुरी से गुमे नाबालिग बालक को सकुशल किया दस्तयाब देवेन्द्रनगर पुलिस की तत्परता एवं प्रभावी कार्यवाही
April 29, 2026
पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में थाना देवेन्द्रनगर क्षेत्रांतर्गत गुमशुदा नाबालिग बालक को पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए सकुशल दस्तयाब किया गया है तथा प्रकरण में आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 20.04.2026 को फरियादिया सरस्वती कोरी पति सुनील कोरी उम्र 38 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 13 बमरी द्वारा थाना देवेन्द्रनगर में रिपोर्ट की गई कि उनका नाबालिग पुत्र संगम कोरी उम्र 13 वर्ष, दिनांक 19.04.2026 को सुबह घर से बिना बताए कहीं चला गया है। फरियादिया द्वारा आशंका व्यक्त की गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालक को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्रनगर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 185/2026 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर तत्काल बालक की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया एवं विभिन्न व्यक्तियों से पूछताछ कर जानकारी संकलित की गई। साथ ही संभावित स्थानों पर लगातार सर्चिंग की गई।
सतत प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 28.04.2026 को उक्त नाबालिग बालक संगम कोरी को सगमा सीमेंट फैक्ट्री, मैहर के वाहन पार्किंग स्थल से सकुशल दस्तयाब किया गया। बालक पूर्णतः सुरक्षित है।
प्रकरण में आरोपी गुलजीत दहायत उर्फ राज पिता राघवेन्द्र दहायत, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम दुबहियाँ थाना देवेन्द्रनगर* जिला पन्ना को अभिरक्षा मे लेकर आरोपी से पूछताछ जारी है।
बालक की सकुशल बरामदगी से परिजन अत्यंत प्रसन्न हैं एवं उन्होंने देवेन्द्रनगर पुलिस की तत्परता एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया है। उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उप निरीक्षक संतोष यादव सहित समस्त थाना स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा है।