बीबीएयू में छात्रा की मौत पर बवाल, देर रात तक चला प्रदर्शन
बीबीएयू में छात्रा की मौत पर बवाल, देर रात तक चला प्रदर्शन
इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
पत्रकार संदीप शास्त्री
लखनऊ: राजधानी लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में मंगलवार देर रात छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) से जुड़े विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस की छात्रा अनामिका की तबीयत दूषित मेस का खाना खाने से बिगड़ी थी, जिसके बाद इलाज के दौरान बुधवार को वाराणसी में उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अनामिका यशोधरा गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी और कुछ दिन पहले फूड पॉइजनिंग की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय के क्लिनिक से दवा ली थी। इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजन उसे घर ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की खबर मिलते ही परिसर में छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों छात्र कुलपति राजकुमार मित्तल के आवास के बाहर जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए देर रात तक प्रदर्शन जारी रखा। छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव भी किया, जिससे परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
मामले पर कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने फोन पर बताया कि वह फिलहाल शहर से बाहर हैं और लखनऊ लौटने के बाद ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी दे सकेंगे।
सुरक्षा कड़ी, बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक
हंगामे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। प्रॉक्टर प्रो. रामचंद्र द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, रात 10:30 बजे के बाद गेट नंबर 2 और 3 से प्रवेश केवल वैध हार्ड कॉपी आईडी दिखाने पर ही मिलेगा। बिना पहचान पत्र किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही गैर-छात्र, पूर्व छात्र और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
फिलहाल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और छात्र संगठन प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।