logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सांसद बंटी विवेक साहू का जन्मदिन जिले भर में “सेवाभावी दिवस” के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

छिंदवाड़ा। बुधवार को छिंदवाड़ा सहित पांढुर्णा जिले में सांसद बंटी विवेक साहू का जन्मदिन “सेवाभावी दिवस” के रूप में उत्साह, गरिमा और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से दिन को यादगार बना दिया।
सांसद के जन्मदिन पर देश के शीर्ष नेतृत्व से भी शुभकामनाएं प्राप्त हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र प्रेषित कर बधाई दी, वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित अनेक केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों ने दूरभाष के माध्यम से शुभकामनाएं दीं।
सेवा कार्यों के साथ मनाया जन्मदिन
सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने जन्मदिन को पूर्णतः सेवा कार्यों को समर्पित किया। प्रातः प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर उन्होंने वृद्धजनों से आशीर्वाद लिया और अपने हाथों से भोजन परोसा। इस दौरान उन्होंने तत्काल 3 कूलर उपलब्ध कराए तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके अतिरिक्त, पोआमा स्थित आधार फाउंडेशन में दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने उनके साथ समय बिताया, केक काटा और भोजन वितरित किया।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष पहल
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए सांसद निधि से 50 ग्राम पंचायतों के लिए 50 पानी के टैंकर स्वीकृत कर वितरण किए गए। साथ ही, 100 आंगनवाड़ी केंद्रों को स्वयं के व्यय से पंखों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं को गर्मी से राहत मिल सकेगी।
रक्तदान एवं स्वास्थ्य सेवा
जन्मदिन के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत स्वयं सांसद ने रक्तदान कर की। शिविर में कुल 109 लोगों ने रक्तदान किया। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर लू से बचाव हेतु दवाइयों का वितरण भी किया गया।
दिनभर चला बधाइयों का सिलसिला
सांसद कार्यालय में आयोजित भेंट कार्यक्रम में सुबह से देर शाम तक शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर सांसद को जन्मदिन की बधाई दी।
इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, पूर्व विधायक रमेश दुबे, अजय चौरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण
सांसद बंटी विवेक साहू का जन्मदिन इस वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक बनकर सामने आया। जिलेभर में हुए आयोजन जनभागीदारी और सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण रहे।

0
67 views

Comment