गांव झोझूकलां में शहीदों को श्रद्धांजलि एवं “सैनिक सदन” की आधारशिला रखी गई
झोझूकलां (दिनांक 29.04.2026……) – गांव झोझूकलां के लड़कों के स्कूल स्थित वॉर मेमोरियल पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके महान बलिदान को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल सुखदीप सांगवान, कर्नल महेश सांगवान, ब्रिगेडियर सतीश कुमार पुत्र मेजर सन्तलाल,कप्टेन योगेश तिवाला , सरपंच अशोक बंटी, कैप्टन सतीश कुमार, कैप्टन ओमप्रकाश, कैप्टन उमेद, बलबीर, धर्मवीर, रणसिंह, विनोद, सू फतेह सिंह, सुखवीर , विक्रमादित्य ,तालेराम, वेदपाल रुदरोल
ब्रह्मान्द ,रामनिवास, नरेश, रविंदर सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने वॉर मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान कर्नल महेश सांगवान (अध्यक्ष एवं संस्थापक, वॉर मेमोरियल) द्वारा लेफ्टिनेंट जनरल सुखदीप सांगवान को “लाइफटाइम आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट्स – ब्रेव वॉरियर्स अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। साथ ही श्रीमती मोहिनी सांगवान द्वारा श्रीमती संगीता सांगवान को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात शहीद पार्क में लेफ्टिनेंट जनरल सुखदीप सांगवान द्वारा “सैनिक सदन झोझूकलां” की आधारशिला विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रखी गई। इस दौरान जनरल साहब ने सैनिकों द्वारा की गई इस सराहनीय पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा अपने प्रेरणादायक संबोधन में ग्राम पंचायत एवं सभी सैन्य बंधुओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर इस परियोजना को शीघ्र पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि “सैनिक सदन” न केवल पूर्व सैनिकों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति एवं सेवा की प्रेरणा भी देगा।
वॉर मेमोरियल के संस्थापक एवं लाइफ टाइम अध्यक्ष कर्नल महेश सांगवान तथा ब्रिगेडियर सतीश के अथक प्रयास एवं
अनुकरणीय कार्य की भी जनरल साहब द्वारा विशेष सराहना की गई। इस अवसर पर कैप्टन ओमप्रकाश एवं कैप्टन सतीश कुमार द्वारा लेफ्टिनेंट जनरल सुखदीप सांगवान तथा सरपंच अशोक बंटी को पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि “सैनिक सदन झोझूकलां” परियोजना की परिकल्पना कर्नल महेश सांगवान द्वारा की गई है, जो क्षेत्र के सैनिकों एवं समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।