रेहड़ी पर सब्जी बेचने के बहाने अफीम तस्करी, 1.3 किलो समेत युवक गिरफ्तार
थाना माहिलपुर पुलिस ने सब्जी बेचने की आड़ में अफीम तस्करी करने वाले एक प्रवासी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम अफीम बरामद की है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
एएसआई गुलशन मोहम्मद ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गांव बछोरा रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान एक पैदल जा रहा युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और तेजी से गेहूं के खेत में घुस गया। शक के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे काबू किया।
तलाशी लेने पर युवक के हाथ में पकड़े लिफाफे से 1 किलो 300 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान सुखबीर निवासी जंगनिया, थाना गड्डी, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बछोरा, थाना माहिलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अफीम कहां से लाता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।