logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

GST Raid: आयरन-स्टील कारोबारी के घर और दुकानों पर GST की छापेमारी, अब तक 2.27 करोड़ की गड़बड़ी सामने आई

एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-वन अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 27 और 28 तारीख को की गई इस कार्रवाई में बिना बिल आपूर्ति और स्टॉक में बड़े अंतर के स्पष्ट संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी चोरी के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

टैक्स और GST चोरी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत राज्य कर विभाग की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) ने संभल में एक पंजीकृत व्यापारी के यहां बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई में विभाग को करीब 2.27 करोड़ रुपये के स्टॉक में भारी अंतर मिला, जिससे जीएसटी चोरी की आशंका और गहरा गई है। जांच के दौरान फर्म के मालिक ने मौके पर ही 44.14 लाख रुपये जुर्माना जमा किया।
जानकारी के अनुसार संबंधित व्यापारी आयरन-स्टील, पाइप, पाइप फिटिंग, हैंडपंप और उससे जुड़े उपकरणों के व्यापार से जुड़ा हुआ है। जीएसटी (GST) विभाग ने छापा मारते हुए बड़े टैक्स चोरी का खुलासा किया। विभागीय जानकारी के मुताबिक व्यापारी द्वारा कागजों में दर्शाया गया स्टॉक और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर है। इस आधार पर विभाग ने गोपनीय रूप से सूचना एकत्र की, जिसमें बिना बिल के माल की आपूर्ति और कर का पूरा भुगतान न करने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

सर्च ऑपरेशन चलाया
इन्हीं तथ्यों के आधार पर एसआईबी की टीम ने व्यापारी के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच के दौरान पाया गया कि लगभग 2.27 करोड़ रुपये का माल घोषित स्टॉक से कम है। इसके अलावा टीम को दो अलग-अलग स्थानों से संदिग्ध दस्तावेज और अभिलेख भी मिले, जिन्हें सत्यापन के अभाव में जब्त कर लिया गया है। विभाग अब इन दस्तावेजों की गहन जांच करेगा ताकि कर चोरी की वास्तविक राशि का आकलन किया जा सके
कार्रवाई के दौरान व्यापारी ने 44.14 लाख रुपये की धनराशि मौके पर ही जमा कर दी। अधिकारियों के अनुसार यह राशि प्रारंभिक जांच के आधार पर जमा कराई गई है और आगे की जांच में कर देयता और बढ़ सकती है। विभाग का मानना है कि इस मामले में और भी वित्तीय अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।

स्टील कारोबारियों में हड़कंप
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-वन अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 27 और 28 तारीख को की गई इस कार्रवाई में बिना बिल आपूर्ति और स्टॉक में बड़े अंतर के स्पष्ट संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी चोरी के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे पारदर्शिता के साथ कारोबार करें और सभी लेनदेन विधिवत बिल के माध्यम से ही करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

इस पूरी कार्रवाई की निगरानी ज्वाइंट कमिश्नर एसआईबी संभाग-बी मिलिंद राज ने की। टीम में डिप्टी कमिश्नर वामदेव त्रिपाठी, असिस्टेंट कमिश्नर रणंजय यादव, अखिलेश कुमार, जीएसटी अधिकारी अरविंद कुमार और धीरेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। इस छापेमारी के बाद क्षेत्र के स्टील कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और विभाग की सख्ती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

1
163 views

Comment