भागलपुर में बड़ा एनकाउंटर: सुल्तानगंज गोलीकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव ढेर; मुठभेड़ में 3
भागलपुर में बड़ा एनकाउंटर: सुल्तानगंज गोलीकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव ढेर; मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी भी घायल .जिले के सुल्तानगंज में बीते दिनों हुए सनसनीखेज गोलीकांड के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को पुलिस ने मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मार गिराया है। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामग्री बरामद करने गई थी। इस मुठभेड़ में पुलिस के तीन जवान भी घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुल्तानगंज गोलीकांड के मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव को पुलिस टीम घटनास्थल और उन ठिकानों पर ले गई थी, जहाँ उसने हथियार छिपाकर रखे थे। इसी दौरान, पहले से घात लगाकर बैठे रामधनी के अज्ञात साथियों और खुद अभियुक्त ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुए हमले के जवाब में पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ (Self-defense) मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में रामधनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही, अपराधियों की गोलीबारी में पुलिस के तीन जवान भी जख्मी हो गए।
सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल तीनों पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अब उन अज्ञात अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है जिन्होंने पुलिस टीम पर हमला किया था।