logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गेहूं उपार्जन की व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें: संभागायुक्त धनंजय सिंह


जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने आज संभागीय अधिकारियों के साथ समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। बैठक में गेहूं उपार्जन कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जानकारी दी गई कि संभाग में वर्तमान में 444 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की जा रही है, जबकि 2,55,807 किसानों ने अपनी उपज विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। संभागायुक्त ने कहा कि सभी उपार्जन केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, छायादार शेड सहित आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने नियुक्त नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने तथा गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, टीबी व सिकल सेल स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य तथा महिला एवं बाल विकास विभागों की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं में लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में सीएम हेल्पलाइन और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में तेजी लाते हुए इसे प्राथमिकता से लिया जाए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गेहूं उपार्जन को सुचारु, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाना तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।

1
463 views

Comment