logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आतिथ्य में 4 मई को ग्वालियर में होगा विशाल पशुपालक सम्मेलन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में 04 मई को ग्वालियर में होगा विशाल पशुपालक सम्मेलन

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में की पशुपालक सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा, सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 मई को ग्वालियर में शिवपुरी लिंक रोड स्थित बेलागांव के समीप “ऋषि गालव विश्वविद्यालय” के भूमिपूजन कार्यक्रम एवं मेला मैदान में आयोजित होने जा रहे विशाल “पशुपालक सम्मेलन” में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पशुपालक सम्मेलन के माध्यम से जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी करेंगे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सोमवार को आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में पशुपालक सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर समय-सीमा में पशुपालक सम्मेलन की सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्रीय पशुपालक सम्मेलन में जनप्रतिनिधिगणों व पशुपालकों के साथ-साथ पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे नागरिकों, लाभार्थियों, सफलतापूर्वक डेयरी, गौशालाओं से जुड़े सेवाभावी नागरिकों व पशुपालन से जुड़ी इकाईयां संचालित कर रहे लोगों को भी आमंत्रित करें। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आमजनों के लिये विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएं। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने निर्देश दिए कि बढ़ते हुए तापमान व गर्मी को ध्यान में रखकर कार्यक्रम स्थल पर पेयजल इत्यादि की पुख्ता व्यवस्था की जाएं। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर ओआरएस सहित प्राथमिक चिकित्सा की भी पुख्ता व्यवस्था रहे।
अंतरविभागीय समन्वय बैठक में पशुधन विकास योजनायें, सीएम हैल्पलाइन व जनगणना की तैयारी सहित सरकार के अन्य प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्ट्रेट में हाल ही में सुसज्जित होकर तैयार हुए टी धर्माराव सभागार में आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत व एडीएम श्री सी बी प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व एसडीएम शामिल हुए।

अधिकारियों से कराई स्व-गणना

कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से अधिकृत पोर्टल se.census.gov.in पर ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरवाए। उन्होंने बैठक में मौजूद एसडीएम एवं जनगणना चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लक्ष्य निर्धारित कर शेष दो दिनों में अधिक से अधिक स्व-गणना फॉर्म भरवाएं। साथ ही लोगों को बताएं कि जब प्रकणक उनके घर पहुँचें तो उनके साथ स्व-गणना की एसई आईडी साझा करें।
बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक लगभग 5 हजार लोगों द्वारा स्व-गणना की जा चुकी है। साथ ही 1310 लोगों ने पोर्टल पर स्व-गणना का ऑप्शन खोलकर जनगणना संबंधी बारीकियां समझने के प्रयास किए हैं। जिले में कुल 6246 लोगों ने स्व-गणना को लॉगइन कर लिया गया है। विदित हो कि कोई भी व्यक्ति 30 अप्रैल तक ऑनलाइन पोर्टल पर स्व-गणना कर सकता है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 मई से प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर पहुँचकर जनगणना का काम करेंगे। प्रथम चरण में मकानों की गणना की जायेगी। मकान सूचीकरण का काम 01 मई से 30 मई तक पूर्ण किया जायेगा।
अंतरविभागीय समन्वय बैठक के साथ आयोजित हुई जिला जनगणना समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने निर्देश दिए कि गर्मी को ध्यान में रखकर प्रगकणों व पर्यवेक्षकों को दवा की किट भी उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर ने मास्टर ट्रेनर, ग्रामीण अंचल में पंचायत सचिव जीआरएस व शहरी क्षेत्र में नगरीय निकायों के कर्मचारियों-अधिकारियों का सहयोग स्व-गणना में लेने के निर्देश भी दिए।
#gwalior
CM Madhya Pradesh

30
884 views

Comment