logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कलेक्टर ने ग्राम रीझोनी, किरावली, मानगढ़ एवं कोट सिरथरा में ग्रामीणों से किया जनसंवाद, योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी

कलेक्टर ने ग्राम रीझोनी, किरावली-मानगढ़ एवं कोट सिरथरा में ग्रामीणों से किया जनसंवाद, योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी

गांव, गली और मोहल्लों में पहुंचकर सड़क, बिजली, पानी एवं नाली व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

पंचायत मुख्यालयों पर जनसुनवाई कर सुनीं समस्याएं, मौके पर दिए निराकरण के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने एवं योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से “प्रशासन गांव की ओर” अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने साप्ताहिक भ्रमण के तहत कैलारस विकासखण्ड सहित विभिन्न ग्रामों—रीझोनी, किरावली-मानगढ़ एवं कोट सिरथरा सहित लगभग आधा दर्जन से अधिक गांवों का दौरा कर चौपाल लगाई तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

रीझोनी पंचायत में जनसुनवाई, 90 से अधिक आवेदन सुने

कलेक्टर ग्राम रीझोनी पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय परिसर में जनसुनवाई आयोजित कर लगभग 90 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पेयजल, विद्युत, खरंजा निर्माण एवं स्वच्छता से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

उन्होंने अधिकांश प्रकरणों के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया। विद्युत बिल से संबंधित 4 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।

कलेक्टर ने सीताराम स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित दुकान का निरीक्षण कर संचालक श्रीमती मिथलेश कुशवाह से चर्चा की। उन्होंने बताया कि दुकान से प्रति माह लगभग 18 से 20 हजार रुपये की आय हो रही है। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से उनके उत्पादों, विशेषकर नमकीन निर्माण के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

किरावली-मानगढ़ में चौपाल, पैदल भ्रमण कर समस्याओं का किया अवलोकन

कलेक्टर ने ग्राम किरावली-मानगढ़ में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इसके पश्चात उन्होंने गांव का पैदल भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने किसरोली तालाब का निरीक्षण किया तथा पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कोट सिरथरा में रात्रि चौपाल, विकास कार्यों की समीक्षा

कलेक्टर ने ग्राम कोट सिरथरा में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा निर्माणाधीन तालाब का निरीक्षण किया। साथ ही आदिवासी बस्तियों—पाटोन, भट्टे का पुरा एवं सहलाना—का दौरा कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रामपुर मानगढ़ में प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण कर 10 दिवस के भीतर बिजली, पानी एवं सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में दो किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पीएचई विभाग को निर्देशित किया।

विद्यालय निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन हेतु आवश्यक बर्तनों की कमी पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को ईएमएस फंड से क्रय करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों को नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने आयुर्वेदिक औषधालय एवं एलोपैथिक डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों ने नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी। पीएम श्री स्कूल, आंगनबाड़ी एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी अवलोकन कर निर्धारित मीन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, एसडीएम सबलगढ़ सुश्री मेघा तिवारी सहित महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिम जाति कल्याण, राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh

42
743 views

Comment