विस्थापित परिवारों के बिजली-पानी की समस्या
Aima न्यूज़ झालावाड़
उपखंड क्षेत्र की करवरी कलां ग्राम पंचायत में करवरी खुर्द नदी पर बन रहे हथियादह मध्यम सिंचाई परियोजना बांध के कारण विस्थापित होकर पुनर्वास में बसे परिवारों को बिजली और पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है।
मुकेश सहरिया, गिरिराज सहरिया, किशोर, अशोक खेरवा, तुलसाराम खेरवा, राजू खेरवा, नारायण खेरवा, शिवराज खेरवा सहित अन्य लोगों ने बताया कि प्रशासन ने पुनर्वास के लिए जो जमीन दी है, वहां घर बनाना शुरू कर चुके हैं। कई परिवारों ने मकानों की नींव भर दी है। पानी की सुविधा नहीं होने से निर्माण काम में परेशानी हो रही है। दूर-दूर तक पानी का कोई इंतजाम नहीं है।
करवरी कलां ग्राम पंचायत के प्रशासक प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश अहेड़ी ने बताया कि प्रशासन ने इन परिवारों के लिए मकान बनाकर नहीं दिए। बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई। नियम के अनुसार विस्थापित परिवारों को यह सुविधाएं मिलनी चाहिए। परिवारों ने कलेक्टर, एसडीएम, क्षेत्रीय विधायक को कई बार ज्ञापन दिए। इसके बाद भी बिजली-पानी की सुविधा नहीं मिली। विस्थापित परिवारों ने मांग की है कि पुनर्वास की जमीन पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए, ताकि ग्रामीणांे को घर बनाने में आसानी हो सके।
Aima न्यूज़ झालावाड़