logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

इंदौर जिले में समग्र शिक्षा अभियान की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न


इंदौर, 28 अप्रैल 2026
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं चाइल्ड ट्रैकिंग एप के माध्यम से 6 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके बच्चों के शासकीय विद्यालयों की कक्षा पहली में प्रवेश की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पात्र बच्चों का समय पर प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा पहली से 12वीं तक शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश एवं नामांकन की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र विद्यार्थी विद्यालय से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यालयवार लक्ष्य निर्धारित कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शांता स्वामी भार्गव, जिला परियोजना समन्वयक श्री संजय कुमार मिश्रा सहित सहायक परियोजना समन्वयक, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पात्र बच्चों को निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों का निजी विद्यालयों में प्रवेश उनका अधिकार है। कोई भी निजी विद्यालय बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं करें।
कलेक्टर ने सत्र 2025-26 एवं 2026-27 के ड्रॉपआउट विद्यार्थियों, टी.सी. प्राप्त विद्यार्थियों, माइग्रेटेड विद्यार्थियों तथा अन्य माध्यम से अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वे एवं यू-डायस पोर्टल पर उनकी मैपिंग की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी की अद्यतन जानकारी पोर्टल पर समयसीमा में दर्ज की जाए तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने जी.आई.एस. मोबाइल एप के माध्यम से जिले के सभी विद्यालयों की जी.आई.एस. मैपिंग कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों की जानकारी सही एवं अद्यतन रूप में पोर्टल पर दर्ज की जाए।
बैठक में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं एफ.एल.एन. पुस्तकों के वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पुस्तक वितरण के उपरांत पोर्टल पर समय पर एंट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की विसंगति न रहे। उन्होंने जिले में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के अपार आई.डी. निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत अपार आई.डी. निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कार्य में भी तेजी लाने को कहा।
बैठक में बालिका शौचालयों के निर्माण एवं अनुरक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी विद्यालयों में स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जीर्ण-शीर्ण विद्यालय भवनों की जानकारी लेते हुए मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने के लिए जनभागीदारी के साथ प्रभावी अभियान चलाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सतत मॉनिटरिंग एवं नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

16
6204 views

Comment