नजीबाबाद विधायक ने एसडीएम से की मुलाकातः गैस सिलेंडर आपूर्ति सुधार पर चर्चा; केवाईसी व होम डिलीवरी बढ़ाने पर जोर
नजीबाबाद विधायक हाजी तसलीम अहमद ने मंगलवार, 28 अप्रैल को उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। यह मुलाकात इंडेन गैस एजेंसी की सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को लेकर हुई।
बैठक में एजेंसी स्वामी रोहितराज सिंह, पूर्ति निरीक्षक धर्मेंद्र वर्मा और इंडेन ऑयल कॉर्पोरेशन के फील्ड ऑफिसर भी मौजूद थे। विधायक ने भीषण गर्मी में महिलाओं को हो रही परेशानी का जिक्र करते हुए समय पर सिलेंडर न मिलने पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने उपजिलाधिकारी और एजेंसी स्वामी रोहितराज सिंह से सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने को कहा। विधायक ने यह भी मांग की कि जो उपभोक्ता केवाईसी नहीं करा पा रहे हैं, उनके लिए तहसील परिसर में अलग से व्यवस्था की जाए। साथ ही, एजेंसी स्टाफ को उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।
भीषण गर्मी में गोदाम पर भीड़ से बचने के लिए विधायक ने घर-घर डिलीवरी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने रोहितराज सिंह से प्रतिदिन 800 सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा।